मेलबर्न, लॉर्ड------वास्तविक नाम, विलियम लैंब। जन्म, १५ मार्च, सन् १७७९; मृत्यु, २४ नवंबर सन् १८४८ ई०, ईटन तथा ट्रिनिटी कॉलेज (कैंब्रिज) में शिक्षा पाई। सन् १८०६ में एक 'हृिग' के रूप में यह पार्लमेंट में प्रविष्ट हुआ। सन् १८१२ के चुनाव में यह हार गया पर सन् १८१६ में यह पुन: चुन लिया गया। पार्लमेंट में मेलबर्न बहुत कम बोलता था। लॉर्ड कैनिंग ने उसे सन् १८२७ में आयर्लैंड का सेक्रेटरी बना दिया। इसी समय वेलिंगटन प्रधान मंत्री हो गया, पर मेलबर्न अपने पद पर बना रहा। सन् १८२८ में उसने त्याग-पत्र दे दिया। अगले वर्ष उसने अपने पिता की 'लॉर्ड' की उपाधि ग्रहण की और लॉर्ड सभा में चला गया।
सन् १८३० में उसे गृहसचिव बनाया गया। इसी समय आयर्लैंड के प्रश्न पर कुछ कठिनाई उठ खड़ी हुई और प्रधान मंत्री लार्ड ग्रेने त्यागपत्र दे दिया। इस पर १८३४ ई० में मेलबन्र को प्रधान मंत्री बनाया गया। इसकी मंत्रिपरिषद् में आयर्लैंड तथा अन्य प्रश्नों पर मतभेद हो गया। इस कारण वश उसी वर्ष नवंबर मास में बादशाह ने इसके मंत्रियों को पदच्युत कर दिया, और मेलबर्न के बाद पील प्रधान मंत्री बना।
अप्रैल, सन् १८३५ में पील सरकार के त्यागपत्र दे देने पर मेलबर्न ने दुबारा सरकार बनाई। सन् १८३७ में कम अवस्था में विक्टोरिया इंग्लैंड की रानी बनी। मेलबर्न विक्टोरिया का विश्वस्त परामर्शदाता बन गया। उसने अपनी इस स्थिति का कभी अनुचित लाभ नहीं उठाया। अगस्त, सन् १८४१ के अंत में मेलबर्न ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया।