मेरठ (Meerut) १. जिला, स्थिति: २९� १' उ० अ० तथा ७७� ५०' पू० दे०। यह भारत में उत्तर प्रदेश राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग में स्थित है। इसके पूर्व में मुरादाबाद एवं बिजनौर उत्तर में मुजफ्फर नगर, दक्षिण में गाजियाबाद जिले तथा पश्चिम में पंजाब के जिले स्थित हैं। इसका क्षेत्रफल २,३२२ वर्ग मील है। इसके अंतर्गत ऊपरी दोआब, या गंगा यमुना के बीच का भाग आने के कारण यह काफी उपजाऊ है। यहाँ पर आमों के कुंज एवं कहीं कहीं पर जंगलों की टुकड़ियाँ तथा कहीं कहीं कुछ अनुर्वर भूमि भी मिलती है। सिंचाई योग्य नहरों के कारण यहाँ पर पैदावार बहुत अधिक होती है। कई नहरों से सिंचाई की सुविधा प्राप्त है। तुलनात्मक रूप से उच्च अक्षांश तथा उच्च भूभाग के कारण यहाँ का जलवायु अति उत्तम है। जनवरी का औसत ताप १४ सें० तथा जून का ३१ सें० रहता है। वार्षिक वर्षा ३० इंच से भी कम होती है। गेहूँ, दलहन ज्वार, बाजरा, गन्ना, कपास आदि मुख्य फसलें हैं। इसकी जनसंख्या २७,१२,९६० (१९६१) है।
२. नगर, यह जिले के मध्य में स्थित है तथा ब्रिटिशकाल से ही सेना की छावनी यहाँ है। यहाँ पर गुड़ आदि का काम भी होता हे१ यह एक अच्छा नगर तथा जिले के शासन का केंद्र है। इसकी जनसंख्या (केवल मेरठ) २,८३, ९९८ (१९६१) है।