मुबारक अली सैयद मुबारक अली का जन्म बिलग्राम में संवत् १६४० में हुआ था। ये अरबी और फारसी के अच्छे ज्ञाता होने के साथ ही हिंदी के प्रौढ़ कवि थे। ब्रजभाषा पर इनका पूरा अधिकार था। इनके सैकड़ों कवित्त और दोहे पुराने काव्यसंग्रहों में मिलते हैं, किंतु अभी तक इनका 'अलकशतक और तिलशतक' ग्रंथ ही उपलब्ध हो सका है, जिसमें सौ दोहे नायिका की अलकों पर और सौ दोहे नायिका के मुखमंडल के तिल पर लिखे गए हैं। इनका जैसा अधिकार दोहों की रचना पर देखने को मिलता है वैसा ही कवित्त और सवैयों की रचना पर भी दिखाई पड़ता है। कविता में इन्होंने अपना नाम 'मुबारक' ही रखा है। जनश्रुति के अनुसार इन्होंने नायिका के दस प्रमुख अंगों में से प्रत्येक पर सौ दोहों की रचना की थी, किंतु अभी तक अलक और तिल इन दो ही अंगों पर सौ सौ दोहे मिल सके हैं। 'शिवसिंह सरोज' में इनकी पाँच कविताएँ संकलित हैं, जिनमें चार कवित्त और एक सवैया है।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल के अनुसार इनका अनुमित कविता काल संवत् १६७० ठहरता है। यद्यपि मोटे तौर पर रीतिकाल का आरंभ संवत् १७०० से माना जाता है तथापि केशवदास के समय से कविता की जो श्रृगांर धारा प्रवाहित हो चली थी उसे देखकर यही कहा जा सकता है कि रीतिकाल का आरंभ कविवर केशवदास से ही मानना समीचीन है, क्योंकि लौकिक श्रृगांर काव्य का प्राधान्य ही रीतिकाल की प्रमुख विशेषता रही है, जिसमें हृदय पक्ष को अछूता न छोड़कर भी चमत्कार का प्राधान्य सुरक्षित था। मुबारक भी श्रृगांर के ही कवि हैं और ये केशवदास के जीवनकाल में ही कविता करने लगे थे। इनके काव्य में भी चमत्कारों की प्रधानता है। अलंकारों में उपमा, रूपक, अपह्नुति, संदेह, यमक, अनुप्रास और सर्वाधिक रूप में उत्प्रेक्षा अलंकार इन्हें प्रिय था। इनकी उत्प्रेक्षाएँ बहुत दूर की दौड़ लगाने वाली होने पर भी हृदयावर्जक हैं। प्रासादिकता इनकी कविता में सर्वत्र मिलती है। इनकी भाषा साफ सुथरी है, जिसमें पाठक को कहीं उलझन नहीं होती। तत्कालीन लोकप्रिय कवियों में इनका अपना विशिष्ट स्थान है। इनके कितने ही कवित्त आज भी लोगों की जिह्वा पर लोकोक्ति की भाँति विराजते हैं। 'आँगुरी तेरी कटेगी कटाछन', 'जु औरै कलपाइहै सो कैसे कल पाइहै', और 'दिन को प्रनाम किए राति चली जाति है' जैसी इनकी उक्तियाँ अत्यंत लोकप्रिय हैं। निस्संदेह मुबारक ऊँचे दर्जे के कवि हैं।

[लालधर त्रिपाठी 'प्रवासी']