मिलैन स्थिति: ४५°३०' उ० अ० तथा ९° १८' पू० दे०। इटली के लोंबाडीं क्षेत्र में स्थित प्रशासनिक, व्यापारिक तथा इटली का दूसरा सबसे बड़ा नगर है। ऐतिहासिक काल में यह पश्चिमी रोम सम्राज्य का प्रशासनिक केंद्र था। नगर में मोटर, हवाई जहाज, रेल इंजन, रबर के समान, वस्त्र, मुद्रण एवं प्रकाशन संबंधी उद्योग होते हैं। रेशम एवं रेशमी वस्त्र के उत्पादन का भी बृहत् केंद्र है। यहाँ दो विश्वविद्यालय हैं। प्राचीन दर्शनीय भवनों में गोथिक कैथेड्रल एवं ब्रेरा राजप्रसाद प्रमुख हैं। नगर की जनसंख्या १५,८०,९७८ (१९६१) है। [कैलाशनाथ सिंह]