मिलिंद (मिनैंडर) भारत के पश्चिमोत्तर राज्य का एक प्राचीन यूनानी शासक। सिकंदर महान् की मृत्यु के बाद काबुल तथा पंजाब के क्षेत्र में जिस यूनानी वंश का राज्य स्थापित हुआ, उसके दो प्रसिद्ध शासक थे आपोलोडोटस तथा मिनैंडर। संस्कृत तथा पालि के ग्रंथों में इस मिनैंडर की ही चर्चा मिलिंद के नाम से आई हैं। स्ट्राबो नामक इतिहास लेखक ने लिखा है कि मिनैंडर ने सिकंदर से भी अधिक जनजातियों को जीतकर अपने अधिकार में कर लिया था। प्रोफेसर लासेन के अनुसार यह ईसा के लगभग १४४ वर्ष पूर्व राज्य पर प्रतिष्ठित हुआ था। इसके तथा आपोलोडोटस के सिक्के भडोंच में सन् ७० ई० तक प्रचलित थे।

पतंजलि के महाभाष्य में साकेत के घेरे और यवनराज मिनांद (मिलिंद) की विजय का उल्लेख है। मिलिंद बौद्धधर्म का अनुयायी बन गया था। मिलिंद पन्ह नामक बौद्ध ग्रंथ में विख्यात विद्वान् नागसेन के साथ हुए उसके वाद-विवाद का वर्णन मिलता है।