मॉल्टा स्थिति: ३५° ५०°उ० अ० तथा १४°३०' पू० दे०। भूमध्यसागर में सिसिली द्वीप के दक्षिण में स्थित एक द्वीपसमूह है। इसका क्षेत्रफल १२२ वर्ग मील है। इसमें मॉल्टा, गोज़ो एवं कोमिनो द्वीप सम्मिलित हैं। साल के अधिकांश में यहाँ की जलवायु उपोष्ण एवं स्वास्थवर्धक रहती है। यहाँ का वार्षिक ताप १९˚से० तथा जनवरी से फरवरी का ताप १३˚सें० तक रहता है। जाड़ों मे कभी प्रभंजन (hurricane) आते हैं। गरमियों में सिराक्को हवाओं द्वारा जलवायु नम एवं धुँधली रहती है। वार्षिक वर्षा का औसत १७ इंच है। यहाँ कला, विज्ञान और टेक्नोलोजी के महाविद्यालय तथा रायल विश्वविद्यालय हैं। मॉल्टा की स्थिति सामरिक महत्व की है। बहुत समय तक यह ब्रिटेन का सैनिक एवं नौसैनिक अड्डा रहा लेकिन अब नौसैनिक गोदी को व्यापारिक उपयोग में लाया जा रहा है। कृषि में गेहूँ, जौ, आलू, प्याज, सोयाबीन, टमाटर, अंगूर एवं तरकारियाँ तथा अन्य फलों का उत्पादन होता है। मत्स्य उद्योग प्रमुख उद्योग है। मांस, दुग्ध उत्पाद, खाद्यान्न, फल, तरकारियाँ, रसायन, ईधंन, वस्त्र, धातु एवं यंत्र आदि का आयात होता है। वैलेटा (Valletta) प्रमुख नगर तथा राजधानी है। ग्रैंड हार्बर तथा मार्सामजेट प्रमुख बंदरगाह हैं। मॉल्टा पुरातत्वीय अनुसंधान का प्रधान केंद्र है। इसका प्राचीन नाम मेलिता है। [राजेंद्रप्रसाद सिंह]