मार्सेल्ज़ स्थिति ४३°१८'उ० अ० तथा ५° २३' पू० दे०। दक्षिणी फ्रांस में लाइंज (Lions) की खाड़ी पर, नीस नगर से ९८ मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित फ्रांस का द्वितीय मुख्य नगर, औद्योगिक केंद्र तथा प्रमुख बंदरगाह है। यह जल तथा स्थल सैन्य प्रशिक्षण का भी केंद्र है। नगर के प्राचीन भाग में सड़कें पतली एवं अधिक मोड़दार हैं। शेष भाग में सड़कें चौड़ी एवं छायायुक्त हैं। नगर में बगीचे एवं भवन देखने को मिलते हैं। यहाँ के प्राचीन दर्शनीय स्थलों में सन् १८९३ में निर्मित गिरजाघर मुख्य है। नॉट्रे डेम डेला गर्डे, एक पहाड़ी पर स्थित सुंदर भवन है। यहाँ के संपूर्ण पत्तन के ४१४ एकड़ जलक्षेत्र में सात जल गोदियाँ (dock) हैं। आसपास की भूमि को नहरों से सींच कर हरा भरा कर लिया गया है। सन् १९२६ में ५० मील लंबी मार्सेल्ज-रोन नहर का निर्माण हुआ। शाखाओं सहित ३५० मील लंबी यह नहर मार्सेल्ज से मध्यवर्ती यूरोप तथा फ्रांस के भीतरी भागों में आवागमन सुलभ करती है। यहाँ साबुन, सोडा, दवाएँ तेल, चीनी, मशीनें दियासलाई, शीशा, कपड़ा तथा जहाज निर्माण संबंधी कार्य होते है। [विजयराम सिंह]