मार्तीनी, साइमोनी (१२८४-१३४४) सियानीज चित्रकार। प्रसिद्ध चित्रकार दूसिओ का शिष्य था जिसने लयात्मकता उत्पन्न करने के लिये सर्वप्रथम रेखाओं का चित्रों में प्रयोग किया। साइमोनी पर प्रसिद्ध मूर्तिकार जिसोवानी पीसानो की कला का यथेष्ट प्रभाव पड़ा था। फ्रांसीसी गोथिक कला का भी उसने खासा अध्ययन किया था। नेपिल्स के सम्राट राबर्ट आंजू ने उसकी प्रतिभा पहचान कर उसे अपने दरबार में चित्र बनाने के लिये निमंत्रित किया था। दरबारी कलाकार बन जाने पर साइमोनी की कला राजसी ठाटबाट के रूप में विकसित होने लगी। उसने दरबारी तथा धार्मिक चित्र बड़े ही मार्मिक तथा कौशलपूर्ण बनाए है। उसका सर्वप्रसिद्ध चित्र 'एननशियेशन' है।

मार्तीनी को सियानीज अपने यहाँ के सर्वश्रेष्ठ चित्रकारों में स्थान देते हैं। उसकी कला का समकालीन फ्रांसीसी कला पर भी खासा प्रभाव पड़ा था। [रामचंद्र शुक्ल]