मस्कट और ओमान स्थिति : २३° ०¢ उ० अ० तथा ५८° ०¢ पू० दे०। एशिया में अरब प्रायद्वीप के दक्षिण-पूर्वी किनारे पर एक समुद्रीतटवर्ती स्वतंत्र राज्य है। प्राकृतिक दृष्टि से इसके तीन विभाग हैं: १. तटीए मैदान २. पहाड़ और ३. पठार। तटीए मैदान माट्रा (Matrah) और मस्कट नगरों से प्रारंभ होता है तथा इसकी अधिकतम चौड़ाई सुबैक के निकट १० मील है। पर्वतश्रेणियाँ साधारणत: उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व की ओर फैली हुई है। जेबेल अखधार (Jebel Akhdhar) क्षेत्र में इनकी सर्वाधिक ऊँचाई ९,००० फुट से भी अधिक है। यह क्षेत्र हरा भरा और कृषि योग्य है। अन्य सभी पहाड़ी क्षेत्र उजाड़ हैं। पठारी भाग की औसत ऊँचाई १,००० फुट है। कुछ मरूद्यानों को छोड़कर अन्यत्र कृषि संभव नहीं है। मस्कट के उत्तर-पश्चिम में बतिना (Batinah) नामक उपजाऊ तटीए मैदान है। यहाँ खजूर के बाग है जिनके फल स्वाद और रस के लिए विख्यात हैं। जहाँ सिंचाई की सुविधाएँ है, वहाँ कृषि के विकास की संभावनाएँ हैं। धोफार नामक उपजाऊ प्रदेश में गन्ने की खेती होती है। इस क्षेत्र में सालालाह प्रधान नगर है और मुरबत बंदरगाह है। यहाँ ऊँट बहुत अधिक पाए जाते हैं। इस देश में कोई महत्वपूर्ण उद्योग नहीं है।
मस्कट और ओमान का क्षेत्रफल ८२,००० वर्ग मील तथा जनसंख्या ५,५०,००० (१९५१) है। मस्कट (जनसंख्या ६,२०८) यहाँ राजधानी है। माट्रा से भीतरी भागों के लिए रास्ते गए हुए हैं। आंतरिक गमनागमन पशुओं द्वारा होता है। बंबई-बसरा-मार्ग पर मस्कट बंदरगाह है। इस बंदरगाह से पाँच मील की दूरी पर बैताल फजल हवाई अड्डा है। मस्कट और ओमान का व्यापार मुख्यत: भारत पाकिस्तान और फारस की खाड़ी के किनारे स्थित देशों के साथ होता है। आयात की वस्तुओं में चावल, गेहूँ और आटा, चीनी सीमेंट, मोटरगाड़ियाँ और पुर्जे, सिगरेट एवं तंबाकू तथा कहवा उल्लेखनीए हैं। निर्यात की प्रधान वस्तुएँ फल, खजूर मछली एवं तत्संबंधी उत्पाद हैं।
[राजेंद्रप्रसाद सिंह]