मनौस (Manaus) स्थिति : ३° ०' दoo तथा ६०° ०' पo देo। ऐमाज़ॉन की घाटी में नीग्रो एवं ऐमाज़ॉन नदियों के संगम से १० मील ऊपर स्थित यह नगर ब्राज़िल के ऐमाज़ोनास प्रांत की राजधानी तथा पश्चिमी ऐमाज़ॉन की घाटी का नदी पत्तन (river port) एवं प्रमुख नगर है। नगर की स्थापना १६६९ ईo में हुई पर जंगली रबर का उपयोग बढ़ने के साथ साथ इस नम एवं उष्ण प्रदेशीय नगर ने भी आशातीत उन्नति की। ऐमाज़ॉन नदी में बड़े बड़े जहाज आसानी से यहाँ तक आ जाते हैं। मनौस करमुक्त पत्तन (free port) तथा अंतरराष्ट्रीय वायुयान अड्डा है। जंगलों एवं दलदली भूमि के कारण स्थल से आवागमन के साधनों की उन्नति नहीं हो सकी। एकमात्र जल या आकाश मार्ग का ही आश्रय लेना पड़ता है। समीपवर्ती क्षेत्र में खनिज तेल का भंडार होने का भी अनुमान लगाया गया है। यहाँ से काष्ठफल, रबर, चमड़े, एवं कठोर लकड़ी का निर्यात मुख्य रूप से होता है। यहाँ दो तैलशोधक कारखाने कार्य कर रहे हैं। वनस्पति उद्यान (Botanical garden) एवं कैथेड्रल दर्शनीय हैं। नगर की जनसंख्या १,७०,४०० (१९६०) है। [ कैलाशनाथ सिंह]