मनीला स्थिति : १४° ४०' उo अo तथा १२१° ३' पूo देo। फिलिपीन के सबसे बड़े लूजॉन द्वीप के पश्चिमी किनारे पर स्थित फिलिपीन गणतंत्र का सबसे बड़ा एवं आधुनिक नगर है। इस नगर का निर्माण स्पेन निवासियों ने किया। अपनी राजनीतिक महत्व की स्थिति के कारण यह विभिन्न प्रशासकों के अधिकार में रहा। १७६२-६३ ईदृ में अंग्रेजों ने तथा १८९८ ईo में अमरीका ने इसपर अधिकार किया। २ जनवरी, १९४२ ईo को द्वितीय विश्वयुद्ध काल में जापानियों ने इसपर अधिकार कर लिया था, पर १९४५ ईo में अमरीका ने पुन: अपने अधीन कर लिया। सन् १९४८ के पहले यह राष्ट्र की राजधानी था किंतु १९४८ ईo में राजधानी यहाँ से हटाकर १० मील दूर स्थित इसी के उपनगर केसॉन सिटी में बना दी गई। १४ वर्ग मील में विस्तृत यह नगर फिलिपीन का प्रमुख पत्तन भी है। २५ फुट ऊँची दीवार जो २ १/२ मील की परिधि में है, नगर के सुरक्षित होने का प्रमाण देती है। पसिज नदी नगर को दो भागों में विभक्त करती है। प्राकृतिक छटा एवं महत्वपूर्ण स्थिति के कारण ही इसे 'पर्ल ऑव दि ओरिएंट' भी कहते हैं। सैंटा टामस विश्वविद्यालय, फिलिपिंस विश्वविद्यालय महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान हैं। प्रमुख उद्योग गरी का तेल निकालना, शक्कर साफ करना, धान कूटना, शराब बनाना, रेलों की मरम्मत करना, जूते, साबुन, सिगार, सिगरेट, टोप, गिलास, फर्नीचर आदि तैयार करना है। इसकी जनसंख्या ११,००,००० (१९६०)श् है। [कैलाशनाथ सिंह]