ब्वेनस एयरिज़ (Buenos Aires) १. प्रांत स्थिति : ३५°¢ द. अ. तथा ५८° ¢ प. दे.। यह दक्षिणी अमरीका में अर्जेटीना का सबसे बड़ा और सर्वाधिक जनसंख्यावाला प्रदेश है जो रीओ डिला प्लाटा के मुहाने पर एवं ऐटलैंटिक महासागर के किनारे स्थित है। इसका कुल क्षेत्रफल लगभग ३,७०,५६९ वर्ग किमी. और जनसंख्या लगभग ५४,५७,७०० (१९६०) है। इसके दक्षिणी भाग में स्थित सेयरा डैल टंडील को छोड़कर बाकी संपूर्ण प्रांत विस्तृत एवं अत्यंत उपजाऊ मैदान है। कृषि और पशुपालन यहाँ के मुख्य व्यवसाय हैं। मांस को डिब्बों में भरना, मछली मारना और अनाज से खाद्य पदार्थ तैयार करना यहाँ के मुख्य उद्योग हैं। मुख्य नगरों में ला-प्लाटा (राजधानी), ब्वेनस एयरिज, बाइआ ब्लैंका (जलसेना का प्रधान केंद्र) और मरडेल प्लाटा (समुद्रतटीय क्रीड़ास्थल) प्रसिद्ध हैं।

२. नगर, स्थिति : ३४° ३६¢ द. अ. तथा ५८° २२¢ प. दे.। यह नगर अर्जेंटीना देश की राजधानी है। तथा ऐटलैंटिक महासागर से लगभग २४० किमी. दूर रीओ डि ला प्लाटा नदी के दाहिने किनारे पर, समुद्री सतह से लगभग २० मीटर ऊँचाई पर स्थित है। इसे 'पूर्व का द्वारा' कहा जाता है। पहले प्लाटा का मुहाना इतना छिछला था कि समुद्री जहाजों को भाटा के समय नगर से १६ किमी. दूर ही लंगर डालना पड़ता था। किंतु अब नदी की तली खोदकर गहरी बनाई गई है और दलदली भूमि को स्वास्थ्यप्रद बनाया गया है। इस नगर का क्षेत्रफल लगभग १९७ वर्ग किमी. और जनसंख्या लगभग ३७,३३,००० (१९४७) है। यह राष्ट्र का सुव्यवस्थित राजनीतिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक जीवन का मुख्य केंद्र बन गया है।

आज यह नगर सुप्रसिद्ध आधुनिक बंदरगाह के रूप में प्राकृतिक कठिनाइयों पर मानव की विजय का प्रतीक बन गया है। एकाकार भवनों की आयताकार बस्तियों, पंक्तिबद्ध वृक्षों से युक्त चौड़े मार्गो तथा जलवितरण एवं सफाई की नालियों और सुंदर क्रीड़ास्थल एवं उद्यानों से यह नगर सुसज्जित है। अच्छे होटलों की संख्या भी अधिक है। देश के औद्योगिक उत्पादन का ४० प्रतिशत सामान इसी नगर में बनता है। कपड़ा, आटा, तंबाकू, मांस तथा चमड़े के उद्योग उल्लेखनीय हैं। देश का अधिकांश आयात तथा निर्यात इसी बंदरगाह से होता है। शिक्षा की सुंदर व्यवस्था है। भिन्न भिन्न स्तरों की अनेक शिक्षण संस्थाएँ एवं पुस्तकालय हैं। यहाँ लगभग आधा दर्जन आकाशवाणी प्रसारण केंद्र हैं। यहाँ के नागरिकों का जीवनस्तर अधिक ऊँचा है।श् (न. प्र.)

३. झील, ४६° ३५¢ द. अ. तथा ७२° ३०¢ प. दे.। दक्षिणी अमरीका में चिली देश के दक्षिण-पूर्व में आयसेन प्रांत की, ७०५ फुट की ऊँचाई पर एक ताजे पानी की झील है जो ८० मील लंबी तथा १३ मील चौड़ी है। अंतरराष्ट्रीय सीमारेखा इसे उत्तर-दक्षिण काटती है। इसके चारों तरफ वन तथा पहाड़ हैं। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)