ब्राबैंट १. प्रांत, स्थिति : ४९� १५ उ. अ. तथा ५� २०� पू. दे.। यह बेल्जियम का एक प्रांत है। इसे नीदरलैंड्स के उत्तरी ब्राबैंट से अलग करने के लिए दक्षिणी ब्राबैंट भी कह जाता है। इसका क्षेत्रफल १,२९७ वर्ग मील है। इसके उत्तर में ऐंटवर्प, पश्चिम में लिंबर्ग तथा लिएज़, दक्षिण तथा दक्षिण-पश्चिम में नामुर तथा एनो (Hainaut) तथा पश्चिम में पूर्वी फ्लैंडर्ज़ प्रांत हैं। यहाँ ४०० फुट ऊँचा एक उपजाऊ पठार है। डायले, डेमर, सेन आदि नदियाँ बहती हैं। यहाँ कृषि में खाद्यान्न, फल, चुकंदर, पटुवा तथा तंबाकू प्रमुख उपज है। उद्योगों में सूती कपड़ा, मलमल, फीता, कागज बनाना तथा खान में खुदाई एवं चमड़ा शोधन का कार्य भी होता है। देश की राजधानी ब्रसल्ज़ इसी प्रांत में है। वाटरलू यहाँ का प्रमुख ऐतिहासिक स्थल है।
२. प्रांत, इसी नाम का प्रांत नीदरलैंड्स में है इसे उत्तरी ब्राबैंट भी कहते हैं। इसका क्षेत्रफल १,९२१ वर्ग मील तथा जनसंख्या १०,८७,३९० (१९४२) है। इसके पश्चिम में उत्तरी सागर, उत्तर में दक्षिणी नीदरलैंड्स, पूर्व में लिंबर्ग तथा दक्षिण में बेल्जियम है। ब्रेंडा, टिलबर्ग, हेलमंड आदि प्रमुख नगर हैं। इसकी राजधानी हर्टोजेनबोस (Hertogenbosch) है। पशुपालन प्रमुख उद्योग है। उद्योगों में सिगार, लोहा, सूती कपड़ा, जूता तथा जलयान उद्योग प्रमुख हैं। यातायात के अच्छे साधन हैं। (निर्मला कौशिक)