बोहीमिआ (Bohemia) यह चैकोस्लोवाकिया का एक क्षेत्र है जिसमें मॉरेविया तथा सायलेसिया शामिल हैं। इसका क्षेत्रफल २०,००० वर्ग मील है। यह एक टूटा फूटा आयताकार पठार है, जिसकी ऊँचाई ५०० फुट से २,००० फुट के बीच है। यह उत्तर-पश्चिम, उत्तर एवं पूर्व में सूडेटन (Sudeten) की एक श्रेणी से तथा दक्षिण-पश्चिम में बोहमेरवाल्ड से घिरा है। जलवायु विषम है। यहाँ एल्ब तथा उसकी सहायक विल्टावा नदी बहती है एवं बहुत से कृत्रिम तालाब भी हैं। नदी तट की मिट्टी बहुत उपजाऊ है। कृषि में गेहूँ, गन्ना, चुकंदर, जौ, जई, और आलू की खेती होती है। फलों के बहुत से बगीचे भी हैं। उत्तर-पश्चिम भाग में पशु पाले जाते हैं। कोयला और लिगनाइट यहाँ के मुख्य खनिज हैं जिनकी सहायता से यहाँ औद्योगीकरण हुआ है। इनके अतिरिक्त चाँदी, सोना, टिन, ग्रेफाइड, तथा बहुमूल्य रत्न प्रमुख खनिज हैं। यातायात के साधन अच्छे होने के कारण इसका संबंध मुख्य नगरों से है। यहाँ धातु के सामान, सूती कपड़े, चमड़े का सामान, मशीनें, रसायनक तथा पेंसिल बनाने का कार्य होता है। (पुष्पा कपूर)