बोलोन्या (Bologna) १. प्रांत यह उत्तर मध्य इटली में एमील्या क्षेत्र का एक प्रांत है। इसका क्षेत्रफल १,४२९ वर्ग मील है। इसके उत्तर में पो नदी का मैदान है तथा दक्षिण में ऐपिनाइंज़ पर्वत है। इस प्रांत में रैनो, सांटेनो आदि नदियाँ बहती हैं। कृषि तथा पशुपालन प्रमुख उद्योग हैं। यहाँ की राजधानी बोलोन्या नगर है।

२. नगर, स्थिति : ४४ ३० उ. अ. तथा ११ २० पू. दे.। बोलोन्या प्रांत का प्रमुख नगर है जो उत्तम जलवायु में तथा उपजाऊ भूमि पर स्थित है। यह प्रमुख औद्योगिक नगर है जहाँ रेशमी कपड़े तथा मखमल उद्योग अधिक होता है। यह एक ऊँची चारदीवारी से घिरा है। यहाँ अनेक महल तथा गिरजाघरों के अतिरिक्त दो झुके हुए बुर्ज हैं जिनमें से एक ३२० फुट ऊँचा है तथा इसका झुकाव चार फुट है। लगभग १३० पुराने गिरजाघर भी है। यहाँ का विश्वविद्यालय १२वीं शती में स्थापित किया गया था। इसकी जनसंख्या ४,४१,१४३ (१९६१) है। (पुष्पा कपूर)