बोलिविया स्थिति : १७ द. अ. तथा ६४ प. दे.। यह दक्षिणी अमरीका का एक अंतरस्थलीय प्रजातंत्र है। इसका क्षेत्रफल ४,२४,१६० वर्ग मील है। इसके पश्चिम में चिली एवं पेरू, उत्तर एवं पूर्व में ब्राजिल तथा दक्षिण में पैराग्वे एवं अर्जेंटीना देश स्थित हैं। इसका एक तिहाई भाग पर्वतीय तथा दो तिहाई भाग मैदानी है। इसके पश्चिमी भाग में पश्चिमी और पूर्वी कार्दियेरा पर्वत हैं। इन दोनों के बीच के पठार पर सागरतल से १२,५०७ फुट की ऊँचाई पर टिटिकाका झील तथा १२,१२० फुट की ऊँचाई पर पोओपो झील है। वर्षा का औसत ३० से ५० इंच है तथा औसत ताप २५ सें. रहता है। वैस यहाँ की जलवायु ऊँचाई के द्वारा प्रभावित है। उच्च पठारी प्यूना प्रदेश में वनस्पति की कमी है एवं निचले भागों में उष्ण कटिबंधीय वन है। ऊँचे प्यूना प्रदेश में ग्वानाको, अल्पाका, लामा तथा विकूना आदि पशु मिलते हैं।

बोलिविया के पहाड़ी भाग में खनिज अधिक मिलते हैं। पोटोसी और ओरूरो क्षेत्र में संसार की १५% टिन मिलती है। ताँबा, सीसा, जस्ता, ऐंटीमनी तथा टंगस्टन भी निकाला जाता है। पूर्व की ओर पेट्रोलियम का महत्व बढ़ रहा है। कृषि में मक्का, गेहूँ, जौ, धान, तथा आलू की कृषि की जाती है। पूर्वी प्रांत में कोकोआ, गन्ना, कपास तथा कहवा आदि उगाया जाता है। यहाँ का प्रधान धर्म रोमन कैथलिक तथा भाषा स्पेनिश है। सात से १४ वर्ष की उम्र तक के बालकों की शिक्षा मुफ्त तथा अनिवार्य है। उद्योगो में चमड़े का काम, सीमेंट, काच, लकड़ी फर्नीचर संबंधी कार्य होते हैं तथा भवननिर्माण संबंधी वस्तुएँ बनती हैं। रेलों, सड़कों की भी व्यवस्था है तथा डाक व्यवस्था भी उत्तम है। हवाई यातायात द्वारा संयुक्त राज्य आदि देशों से जुड़ा है। प्रशासकीय दृष्टि से यह नौ विभागों में विभक्त है। ला पास (जनसंख्या ३,४७,३९४) यहाँ का प्रसिद्ध नगर तथा राजधानी है। अन्य प्रमुख नगरों में सूके, कोचावांबा, ओरूरो, सेंटाक्रूज, पोटोसी, टारीहा, ट्रिनिडैड तथा कोबिजा हैं। (आनंद स्वरूप जौहरी)