बोत्सवाना (बेचुआनालैंड) स्थिति : २३ द. अ. तथा २४ पू. दे.। दक्षिणी अफ्रीका में केप प्रांत के उत्तर में ट्रैंसवाल, उत्तरी रोडीज़िया तथा दक्षिण-पश्चिम अफ्रीका से घिरा एक राज्य है, जो सन् १८९५ में ब्रिटिश संरक्षण में आया था, किंतु सितंबर, १९६६ में स्वतंत्र हो गया। इसका क्षेत्रफल २,२२,००० वर्ग मील तथा जनसंख्या ३,२०,६७५ (१९५६) है। सागरतल से इसकी ऊँचाई ३,००० फुट है। यहाँ की जलवायु शुष्क है। ग्रीष्म काल में औसत वर्षा २० इंच होती है। अकाल बहुधा पड़ता है। वर्षा से नगामी, मकरीकारी तथा ओकोवांगो झीलों में पानी भर जाता है। दक्षिणी भाग कालाहारी मरुस्थल का ही एक भाग है। अनुकूल भाग में मक्का, लोबिया तथा सोरघम, बाजरा एवं गेहूँ उगाया जाता है। कुछ लोग पशुपालन तथा स्वर्ण की खानों में काम करते हैं। बंटू जाति प्रमुख है जिनकी राजधानी सेरोए है। मेफेकिंग, बेचुआनालैंड की प्रधान राजधानी है। सोना, मैंगनीज, एस्वेस्टस खनिज मिलते हैं। सड़कों का अभाव है। (दीपेंद्रनाथ वनर्जी)