बोगोटा १. नगर, स्थिति : ४� ४०� उ. अ. तथा ७४� १५� प. दे.। सागर तल से ८,५०० फुट ऊँचे पठार पर स्थित, कोलंबिया की राजधानी एवं सबसे बड़ा नगर है। यहाँ का जलवायु आर्द्र है। सन् १५३८ में ही यह नवीन दुनिया का एक सांस्कृतिक केंद्र था। यहाँ की नैशनल यूनिवर्सिटी में चिकित्सा, कानून, राजनीति, इंजीनियरिंग तथा शिक्षण संबंधी विभाग हैं। नगर के प्रमुख क्षेत्र (प्लाजा बोलिवर) में राष्ट्रपतिभवन, साइमन बोलिवर का गृह तथा अन्य प्रसिद्ध भवन है। फुंजा नदी के ऊपरी भाग में एक सहायक सैन फ्रांसिस्को नदी बहती है जो नगर से होकर गुजरती है। इसके पड़ोस में पशुपालन होता है तथा खेती की जाती है। यह अपने सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, तथा बगीचों के लिए प्रसिद्ध है। नगर भर में वैज्ञानिक, अविष्कारकों, देशभक्तों, दार्शनिकों तथा राष्ट्रपतियों की मूर्तियाँ लगी हैं। अच्छे होटल, सुंदर दूकानें भी हैं। उद्योगों में कपड़े, सिगरेट, काच एवं चमड़े का सामान, चॉकलेट, साबुन, दियासलाई, सीमेंट, आटा, शराब तथा खाद्य पदार्थों का निर्माण होता है।
२. इसी नाम का एक नगर न्यूयॉर्क के उत्तर-पश्चिम न्यूजर्ज़ी के बर्गेंन प्रदेश में हैं।
३. इस नाम की एक नदी है जो कोलंबिया के मध्यवर्ती पठार से निकालकर, १६० मील बहने के बाद मैग्डालीना में मिल जाती है। (बिभा मुखर्जी)