बैशकिरिया या बैशकिर स्थिति : ५४ उ. अ. तथा ५७ ५० पू. दे.। यह ऑटोनोमस सोवियत सोशलिस्ट रिपब्लिक है जो १९१९ ई. में बनी थी। यह यूराल पर्वत क्षेत्र के दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। इसका क्षेत्रफल ५४,२२३ वर्ग मील तथा जनसंख्या ३३,३५,००० (१९६१) है। यहाँ के २४ प्रतिशत निवासी बैशकिर मुसलमान हैं जो बैशकिरी भाषा बोलते हैं। यहाँ की भूमि ३,९०० से ५,२३० फुट तक ऊँची है। पठार की औसत ऊँचाई १,००० फुट है। अधिकांश भाग जंगलों से घिरा है। जंगलों में घोड़े व अन्य मवेशी मिलते हैं तथा पश्चिमी भाग में गेहूँ, राई, कुटुक, जौ, तीसी, सूर्यमुखी, सनई, अन्य घासें तथा चुकंदर की पैदावार होती है। जाड़े में नदियाँ जम जाती हैं और ताप ० सें. से नीचे गिर जाता है। यहाँ ताँबे की खानें हैं तथा पेट्रोलियम भी निकाला जाता है। इसकी राजधानी उफा है जहाँ मशीन बनाने, लकड़ी के काम और तेल साफ करने का काम होता है। (बिभा मुखर्जी)