बैलिऐरिक (Balearic) स्थिति : ३९� ३०� उ. अ. तथा ३� ०� पू. दे.। स्पेन के पूर्व में, पश्चिमी भूमध्य महासागर में स्थित द्वीपों का समूह है जिसमें मैलोर्का (१,३५० वर्ग मील), मेनोर्का (२९३ वर्ग मील), इबिज़ा (२३० वर्ग मील) तथा फॉर्मेंटेरा (३८ वर्ग मील) के अतिरिक्त अन्य छोटे छोटे द्वीप शामिल हैं। इसका कुल क्षेत्रफल १,९३६ वर्ग मील है। यहाँ भूमध्यसागरीय जलवायु पाई जाती है। ग्रीष्म काल में वर्षा नहीं होती। यहाँ फलों के बगीचे लगाए गए हैं। अंगूर, जैतून, बादाम और अंजीर मुख्य उपजें हैं। कुछ खाद्यान्न भी उगाए जाते हैं, किंतु सिंचाई की कठिनाई के कारण उनका महत्व कम है। कुछ पशु भी पाले जाते हैं किंतु अच्छे चरागाहों का अभाव है। भेड़ें अधिक संख्या में पाली जाती हैं। इनसे दूध प्राप्त होता है। खनिज पदार्थों में लिग्नाइट और समुद्री नमक उल्लेखनीय हैं। कोक और सीमेंट बनाने का व्यवसाय भी होता है। यहाँ से निर्यात होनेवाली वस्तुओं में सूअर, भेड़, तथा फल हैं। (न.प्र.)