बेलग्रेड (Belgrade) स्थिति : ४४५० उ.अ. तथा २०३७ पू.दे.। येगोस्लाविया में ज़ाग्रेब नगर से २३० मील दक्षिण-पूर्व डेन्यूब तथा सावा नदियों के संगमस्थल पर, मध्य यूरोप से इस्तंबूल जानेवाले मार्ग पर स्थित, यूगोस्लाविया की राजधानी एवं प्रमुख व्यापारिक नगर है। यहाँ गरमी का ताप १५सें. तथा जाड़े का ताप हिमांक से नीचे रहता है एवं वर्षा का औसत २५ इंच है। उद्योगों में कम प्रगति हुई है, फिर भी लोहा, शराब, जूते, शक्कर, मिठाइयाँ, साबुन, चीनी मिट्टी के बरतन, कपड़े बनाने तथा गोश्त के डिब्बों में बंद करने का काम होता है। सीसा तथा उत्तम कोयले की खानें पास ही में स्थित हैं। यह रेल, सड़क एवं वायुमार्गों का प्रमुख केंद्र है। फिल्मों का निर्माण भी किया जाता है। विश्वविद्यालय के अतिरिक्त सैनिक अकादमी तथा बहुत से विद्यालय हैं। यहाँ बड़े पादरी का आवास, दूतावास, संसद भवन, राष्ट्रीय पुस्तकालय तथा वनस्पति उद्यान देखने योग्य हैं। डैन्यूब नदी पर एक मील लंबे बने पुल द्वारा यह पांसेबो नगर से जुड़ा है। १४वीं शताब्दी में यह सर्बिया के अधीन होने पर उसकी राजधानी भी रहा है। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)