बेंगलौर (Bangalore) १. जिला, भारत के मैसूर राज्य का एक जिला है जिसका क्षेत्रफल ३,०८१ वर्ग मील है। पश्चिम के पहाड़ी क्षेत्र की जलवायु अस्वास्थ्यकर है। यहाँ की औसत वर्षा ३५ इंच है। इसकी ऊँचाई समुद्रतल से ३,११३ फुट है। जलवायु समशीतोष्ण है।

२. नगर, स्थिति : १२५९ उ.अ. तथा ७७४० पू.दे.। मैसूर राज्य की राजधानी तथा प्रसिद्ध नगर है। यह मद्रास से २१९ मील दूर स्थित है। यह कावेरी तथा इसकी सहायक कब्बैनी नदी के दोआब में बसा हुआ है। क्षेत्रफल लगभग २५ वर्ग मील हैं।

बेंगलौर भारतीय एयर फोर्स का प्रधान केंद्र है। एक समय अंग्रेजी सैनिकों की यह एक बड़ी छावनी थी। नगर के पश्चिमी भाग में ऊनी, सूती और रेशमी वस्त्र, तेल, साबुन, ईटं बनाने का उद्योग, दक्षिणी भाग में रेशम के कीड़े पालने का व्यवसाय और दक्षिणपश्चिमी भाग की ओर शराब निर्माण का कार्य अधिक होता है। इसके अतिरिक्त यहाँ सिटी स्टेशन के निकट लोकोमोटिव एवं लोहे की ढलाई तथा छावनी स्टेशन के पास काफी साफ करने तथा खाद तैयार करने के धंधे होते हैं। टाटा द्वारा विज्ञान के अनुसंधान का एक महत्वपूर्ण संस्थान, इंडियन इंस्टिट्यूट ऑव सायंस की स्थापना बेंगलूरु में ही हुई है जिसमें वैज्ञानिक विषयों पर बड़े महत्व के आविष्कार हुए और हो रहे हैं। यहाँ की प्रयोगशाला बड़ी सुसज्जित है। पुस्तकालय भी बहुत बड़ा है। भौतिकविद् रामन की व्यक्तिक प्रयोगशाला भी यहीं है जिसमें अनेक वैज्ञानिक भौतिकी पर शोधकार्य कर रहे हैं। (रामसहाय खरे)