बूँदी १. जिला, यह भारत के राजस्थान राज्य का एक जिला है, जो आठवीं शती से भारत के स्वतंत्र होने के दो वर्ष बाद तक हाडा वंशीय नरेशों के अधीन देशी राज्य था। इसके उत्तर में टोंक, पूर्व तथा दक्षिण-पूर्व में कोटा, पश्चिम तथा दक्षिण-पश्चिम में भीलवाड़ा जिले स्थित हैं। इसका क्षेत्रफल २,१४८ वर्ग मील है। कृषि में मक्का, ज्वार, मूँग, गेहूँ, जौ, चना एवं तिलहन आदि उगाए जाते हैं। खनिजों में कहीं कहीं चूना पत्थर प्राप्त किया जाता है।

२. नगर, स्थिति : २५३० उ.अ. तथा ७५४५ पू.दे.। बूंदी जिले का प्रमुख नगर एवं शासन का केंद्र है। इनका नाम बूंदा नामक एक कबीला सरदार के नाम पर पड़ा है। यह अजमेर नगर से लगभग १०० मील दक्षिण-पूर्व में स्थित है तथा दर्शनीय स्थल है। यहाँ का मुख्य बाजार शहर की संपूर्ण लंबाई में फैला हुआ है। यहाँ के राजमहल से और ऊपर तारागढ़ नामक किला है और यहाँ की पहाड़ी का स्पर (spur) एक बड़े सुंदर छतरी का काम करता है जिसे सूरज (sundome) कहते हैं। इनके अतिरिक्त उत्तर-पश्चिम में फूलसागर, उत्तर-पूर्व में जेठसागर (इसके किनारे सुखमहल है) एवं सार बाग आदि दर्शनीय स्थल हैं। (रामसहाय खरे)