बुर्सा (Bursa) १. प्रांत, यह उत्तर-पश्चिमी टर्की का एक प्रांत है। इसका क्षेत्रफल ५,२४३ वर्ग मील है। यहाँ का जलवायु मृदु (mild) है। जनवरी सर्वाधिक ठंडा माह है तथा वार्षिक औसत वर्षा २५ से ३५ इंच होती है। कृषि में सब्जियाँ, खाद्यान्न, कपास, तंबाकू, पोस्ता तथा तिलहन प्रमुख हैं।
२. नगर, स्थिति : ४०�१५� उ.अ. तथा २९�५� पू.दे.। यह नगर मारमारा सागर पर स्थित मुडान्या बंदरगाह से १८ मील दक्षिण-पूर्व स्थित बुर्सा प्रांत की राजधानी है। धनी एवं कृषिप्रधान क्षेत्र का केंद्रीय बाजार है। यहाँ का रेशम, कालीन और ऊन का उद्योग तथा सोने चाँदी का काम उन्नति पर है। तेल, फल और शराब का व्यापार होता है। इस नगर को आग एवं भूचाल ने बड़ी क्षति पहुँचाई है। यहाँ अनेक सुंदर प्राचीन मस्जिदें हैं जिनमें से ग्रीन मस्जिद और बेजाज़ित प्रथम की मस्जिद विशेष उल्लेखनीय है। इस नगर को ब्रुसा (Brusa) भी कहा जाता है। गर्म जल के सोते तथा ओलंपस पर्वत पास में होने के कारण भ्रमणार्थी अधिक आते हैं। (श्रीकृष्णचंद्र खर्कवाल)