बॉल्टिमोर (Baltimore) स्थिति : ३९° १८¢ उ. अ. एवं ७६° ३७¢ प. दे.। संयुक्त राज्य, अमरीका के मेरीलैंड राज्य का प्रमुख नगर है, जो वाशिंगटन से ३५ मील उत्तर-पूर्व तथा फिलाडेल्फिया से ९० मील पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम पटैप्सको नदी पर स्थित है। इसकी स्थापना लार्ड बॉल्टिमोर ने की थी। यह मेरीलैंड का सबसे बड़ा एवं संयुक्त राज्य का द्वितीय बड़ा बंदरगाह है। यह व्यापारिक, औद्योगिक, प्रशासकीय एवं गमनागमन का तथा शैक्षणिक केंद्र भी है। रेल, सड़क एवं वायुमार्गों द्वारा देश के विभिन्न भागों तथा दूसरे देशों से संबद्ध है। बंदरगाह का पोताश्रय विस्तृत है। इसके समीप में ही अन्य औद्योगिक जिले हैं। यहाँ धातु और कोयला उतारने चढ़ाने के घाट तथा जलयान निर्माण एवं मरम्मत करने के कारखाने हैं। समीप ही स्पैरो प्वाइंट में विशाल जलयान निर्माण तथा देश का सबसे बड़ा इस्पात निर्माण का कारखाना है। यह विदेशी लौह धातुओं के आयात का प्रधान बंदरगाह है। आयात की मुख्य वस्तुएँ क्रोम, जस्ता, मैंगनीज, चीनी, खनिज तेल, रबर, कहवा, चाय, गरम मसाला, कार्क, उष्णकटिबंधीय फल, गरी का गोला, उर्वरक एवं काष्ठमंड हैं। निर्यात की वस्तुओं में अनाज, आटा, कोयला, लोहा, इस्पात, सीमेंट, यंत्र और मोटरगाड़ियाँ उल्लेखनीय हैं। बॉल्टिमोर में यंत्र, ट्रैक्टर, मोटर, रेल के सामान, रसायन, टिन के डिब्बे, दवा, उर्वरक, साबुन, शीशे की वस्तुएँ, वैज्ञानिक एवं विद्युत् यंत्र, वायुयान, वस्त्र, कागज, प्रकाशन एवं मुद्रण यंत्र बनाने तथा चीनी निर्माण के कारखाने और ताँबा गलाने का एक विशाल संयंत्र, खनिज तेल शोधन एवं कहवा तथा मांस को डिब्बों में भरने के कारखानें हैं। जॉन हापकिंस विश्वविद्यालय एवं चिकित्सालय तथा दवा, कानून, दंतविज्ञान, भैषजकी विद्यालय, मेरीलैंड विश्वविद्यालय के कुछ विभाग, सेंट मेरी विश्वविद्यालय, कई संग्रहालय, राष्ट्रीय स्मारक एवं गिरजाघर हैं। वेस्टमिंस्टर चर्चयार्ड में एडगर ऐलेन पो की कब्र है। प्रैट पुस्तकालय, वास्तुकला विद्यालय एवं अंधों के लिए प्रशिक्षणालय भी महत्वपूर्ण हैं। राज्यीय बंदी-सुधार-गृह तथा बहुत से उद्यान एवं संगीत विद्यालय यहाँ हैं। इस नगर का क्षेत्रफल ९१.९३ वर्ग मील है। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)