बाल्काश (Balkhash) स्थिति : ४६°¢ उ. अ. तथा ७४° ५०¢ पू. दे.। यह एशियाई रूस के पूर्वी कजाक प्रजातंत्र में अराल झील से लगभग १,००० मील पूर्व, एक विशाल अर्धचंद्राकार खारे पानी की झील है। यह लगभग ३०० मील लंबी, चार से ५० मील तक चौड़ी तथा ३५ से ६५ फुट तक गहरी है। इसका क्षेत्रफल ६,७०० वर्ग मील तथा सागरतल से ऊँचाई ९०० फुट है। ईली, आस्क् और लेप्सा आदि नदियाँ इसमें गिरती हैं, किंतु इस झील से कोई नदी निकलती नहीं। यह रेगिस्तानी भाग में स्थित है। इसका पूर्व तटीय भाग खारी मिट्टी का प्रदेश है। इसके तटों पर मछलियाँ पकड़ी जाती हैं। उत्तरी किनारे पर ताँबें की खानें हैं, एवं बाल्काश नगर में ताँबा गलाने का काम भी होता है। (श्रीकृष्णचंद्र खर्कवाल)