बार्सेलोना (Barcelona) १. प्रांत, यह स्पेन का एक प्रांत है। इसके पूर्व में हैरोना प्रांत, पश्चिम में लेरिदा एवं टेरागोना, उत्तर की ओर सिएरा डेल केड़ी स्थित हैं। इसका क्षेत्रफल २,९४२ वर्ग मील है। लोब्रीगेट (Llobregat) यहाँ की प्रमुख नदी है। श्रेणियों के मध्य तथा नदियों की घाटियों में खाद्यान्न, अंगूर, फल एवं सब्जियाँ आदि उगाई जाती हैं। सागरतटीय मैदानों में विशेष रूप से खट्टे फल उगाए जाते हैं। स्पेन का यह प्रमुख औद्योगिक प्रांत है। यह प्रांत अच्छी सड़कों तथा रेल मार्गों से पूर्ण है। बार्सेलोना के अतिरिक्त अन्य कई उत्तम बंदरगाह भी हैं।
२. नगर, स्थिति : ४१° ३०¢ उ. अ. तथा २° १०¢ पू. दे.। मैड्रिड से ३३० मील उत्तर-पूर्व, भूमध्यसागर के किनारे बार्सेलोना प्रांत में स्थित स्पेन का द्वितीय सबसे बड़ा नगर एवं बार्सेलोना प्रांत की राजधानी, बंदरगाह तथा व्यापारिक एवं औद्योगिक केंद्र है। यहाँ की जलवायु भूमध्यसागरीय है। वसंत ऋतु में औसत वर्षा २२ इंच तक होती है। धातु संबंधी उद्योग, ऊनी एवं रेशमी कपड़े, रसायनक, कागज, छपाई, एवं मशीनों आदि से संबंधित उद्योग होते हैं। रेलों तथा सड़कों का जाल सा बिछा है। इसका नाम हागिल्कार बार्सा के नाम पर पड़ा। यहाँ १३वीं शती का गिरजाघर, महल, पुस्तकालय तथा विश्वविद्यालय दर्शनीय हैं। इस नगर की जनसंख्या १५,५७,८६३ (१९६१) है।
३. दक्षिण अमरीका के वेनिज़्वीला देश में नेवेरी नदी के किनारे समुद्र से तीन मील की दूरी पर एक बंदरगाह है। इसके पड़ोस में कोयले एवं नमक की खानें हैं। कुछ व्यापार भी होता है। (श्रीकृष्णचंद्र खर्कवाल)