बॉर्डो (Bordeaux) स्थिति : ४४° ५०¢ उ. अ. तथा ०° ३६¢ प. दे.। दक्षिण-पश्चिम फ्रांस का चौथा सबसे बड़ा, प्रसिद्ध नगर, बंदरगाह एवं जिरोंड (Gironde) प्रशासकीय विभाग की राजधानी है जो गरॉन नदी के बाएँ किनारे पर, पैरिस से ३५९ मील दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम तथा टूलूज से १५९ मील उत्तर-पश्चिम ऐटलैंटिक महासागर से ६० मील दूर, स्थित है। नगर के समीप अनाज, तंबाकू, तरकारी, फल तथा अंगूर की उपज होती है। अंगूर से उच्च कोटि की बॉर्डो नामक शराब के लिए यह नगर प्रसिद्ध है। बॉर्डो में जलयान, युद्धपोत, रेलगाड़ी के डिब्बे, इंजीनियरी, यंत्र, प्रशीतन यंत्र, विद्युत एवं सूक्ष्म यंत्र, जूते, शराब निर्माण से संबंधित वस्तुओं, जैसे बोतल, कार्क एवं डिब्बे तथा बहुत से रसायनकों का निर्माण होता है। इनके अतिरिक्त लोहा और ताँबा की ढलाई, तंबाकू रूपांतरण एवं फल और सब्जियों को डिब्बों में बंद करने का काम होता है। तेलशोधन कारखाना भी यहाँ है।
यहाँ विश्वविद्यालय, व्यापारिक एवं तकनीकी विद्यालय, जलविज्ञान संस्थान, वेधशाला, वायुसेना कार्यालय तथा ब्रिटेन एवं संयुक्त राज्य, अमरीका के वाणिज्य दूतावास हैं। बॉर्डो में बहुत से संग्रहालय, प्रमुख गिरिजाघर, बड़े पादरी का आवास, वानस्पतिक उपवन, न्यायालय, चैंबर ऑव कामर्स, प्रसारण केंद्र एवं कई चिकित्सालय हैं। यह रेल, सड़क, वायुमार्ग, जलमार्ग आदि का केंद्र है। यहाँ का बंदरगाह आठ मील लंबा और औसतन ५५० गज चौड़ा है। व्यापार में भी इसका प्रमुख स्थान है। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)