बाराबंकी १. जिला, स्थिति २६° ५५¢ उ. अ. तथा ८१° २०¢ पू. दे.। भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के मध्य में घाघरा नदी के दक्षिणपश्चिम की ओर स्थित है। इसके पूर्व में फैजाबाद, दक्षिण एवं दक्षिणपश्चिम में रायबरेली एवं लखनऊ, उत्तर में गोंडा, बहराइच एवं उत्तरपश्चिम में सीतापुर जिले हैं। इसकी उत्तरी सीमा घाघरा नदी द्वारा निर्धारितश् है। यहाँ का कुल क्षेत्रफल १,७१४ वर्ग मील है। इसकी ढाल उत्तर-पश्चिम से दक्षिण पूर्व की ओर है। जिले के ऊपरी भाग की मिट्टी रेतीली एवं दक्षिणी भाग की चिकनी एवं उपजाऊ है। सिंचाई का उत्तम प्रबंध है। यहाँ की वार्षिक वर्षा का औसत ४० इंच है। चौका के पश्चिम तथा घाघरा के दक्षिण में जलोढ मिट्टी होने से वर्षा ऋतु के अतिरिक्त अन्य समय में भी अच्छी कृषि हो जाती है। जिले का मध्य भाग या कल्याणी नदी की घाटी कृषि के लिए सर्वोत्तम है। धान, चना, गेहूँ, दलहन, कोदो, ज्वार, बाजरा, जौ, मटर, मसूर, गन्ना, आदि का कृषि में प्रमुख स्थान है। उद्योगों में सूती कपड़ा सूती कंबल बनाना तथा कपड़े की छपाई का काम प्रसिद्ध है। शक्कर, पीतल के बरतन, धातु की अन्य वस्तुएँ जैसे ताले, सरौते तथा फर्नीचर का काम भी होता है। नवाबगंज, बहरामघाट, तथा बाराबंकी प्रमुख नगर है।
२. नगर, स्थिति : २६° ५६¢ उ. अ. तथा ८१° १२¢ पू. दे.। यह जिले के मध्य में, कुछ पूर्व की ओर, लखनऊ-फैजाबाद मार्ग पर स्थित है। जिले के शासन का मुख्य केंद्र है। हाथकरघा यहाँ का मुख्य उद्योग है। चीनी एवं कपास का व्यापार भी होता है।