बाघ (Tiger) पैंथरा टाइग्रिस (Panthera tigris) फेलिडी कुल (Family Felidae) का प्रसिद्ध, मांसभक्षी, स्तनपायी जीव है। यह जंगल का राजा कहा जाता है। सिंह को छोड़कर यह सब जानवरों से अधिक बलवान् और खूँखार होता है। चेहरा बिल्लियों जैसा गोल, नाक से पूँछ के सिरे तक औसत लंबाई १० फुट, मादा कुछ छोटी, शरीर का ऊपरी भाग बादामी, जिसपर खड़ी, काली धारियाँ होती हैं तथा प्रत्येक की धारियों में अंतर होता है। पेट और टाँगों के भीतर का हिस्सा तथा गाल और आँखों के ऊपर की चित्तियाँ सफेद होती हैं।

यह एशिया के घने जंगलों का निवासी है। उत्तर में आमूर, दक्षिण में सुमात्रा और जावा, पश्चिम में जॉर्जिया और पूर्व में सखालीन तक, तथा यूरोप के दक्षिणी भागों के जंगलों में भी, यह पाया जाता है।

इसका मुख्य भोजन गाय, बैल, हिरन, सूअर और मोर हैं। कुछ बाघ नरभक्षी भी होते हैं। मादा दो से छह तक, लेकिन प्राय: दो से तीन तक बच्चे जनती है। यह बच्चों को बहुत प्यार करती है और उन्हें शिकार खेलना सिखाती है। (सुरेश सिंह)