बांडुंग स्थिति : ६°३६¢ द.अ. तथा १०७°४८¢ पू.दे.। हिंदेशिया के पश्चिमी जावा में स्थित प्राइऐंगन (Priangan) रेजिडेंसी की राजधानी है, जो एक पठार के उत्तरी किनारे पर समुद्रतल से २,३४६ फुट की ऊँचाई पर स्थित है। यहाँ की चौड़ी सड़कें और पश्चिमी ढंग के बने भवन नगर की आधुनिकता का परिचय देते हैं। मरदेका और द्विवर्ना यहाँ के दो मुख्य सार्वजनिक भवन हैं, जहाँ सन् १९५५ में हुए एशियाई अफ्रीकी सम्मेलन में अफ्रीका और एशिया के २० से अधिक राष्ट्रों ने भाग लिया था। यहाँ की जनसंख्या ९,७२,६०० (१९६१) है। कपड़ा बुनना यहाँ का मुख्य उद्योग है। यहाँ पर कुनैन बनाने का एक बृहद् कारखाना है, जो द्वितीय विश्वयुद्ध के पहले संसार का ८० प्रतिशत कुनैन बनाता था। यहाँ की जलवाय स्वास्थ्यप्रद एवं ठंडी है। बिजली एवं टेलीफोन का उत्तम प्रबंध है। कई गिरजाघर, सुंदर होटल, अस्पताल, बाजार, पार्क आदि हैं। इसके पास ही पहाड़ी दृश्य एवं कई झरने देखने को मिलते हैं। (ओंकार सिंह)