बाँदा १. जिला, स्थिति : २५°३०¢ उ.अ. तथा ८०°२६¢ पू.दे.। यह भारत के दक्षिणी उत्तर प्रदेश राज्य में स्थित जिला है। इसके उत्तर में फतेहपुर, पश्चिम में हमीरपुर, दक्षिण में मध्यप्रदेश एवं पूर्व में इलाहाबाद जिले स्थित हैं। इसका क्षेत्रफल २,९५० वर्ग मील है। यहाँ की भूमि ऊँची नीची है जिसमें वर्षा ऋतु में दलदल बन जाते हैं। दक्षिण-पूर्व की ओर विंध्य पर्वत की शृंखला शुरू हो जाती है जो ५०० फुट से ऊँची नहीं है। काली मिट्टी में गेहूँ, ज्वार, बाजरा, दलहन, धान, कपास, तिलहन के अलावा अन्य खाद्यान्न भी पैदा होते हैं। जलवायु शुष्क है तथा वर्षा कम होती है। यहाँ की जनसंख्या ९,५३,७३१ (१९६१) है। कर्वी, मानिकपुर एवं बाँदा मुख्य नगर हैं।
२. नगर, स्थिति : २५°२८¢ उ.अ. तथा ८०°२०¢ पू.दे.। यह बाँदा जिले में ठीक पश्चिम की ओर फतेहपुर-सागर मार्ग पर स्थिति है। इसके पश्चिम में केन नदी बहती है। यहाँ की जनसंख्या ३७,७४४ (१९६१) है। यह जिले का सबसे बड़ा नगर तथा शासन का केंद्र है। कपास से सबंधित कार्य अधिक होता है। यहाँ पर अंतिम नवाब अली बहादुर की बनवाई प्रसिद्ध मस्जिद है। बाँदा से एक मील दूर भूरागढ़ में किले के खंडहर अब भी विद्यमान हैं। यहाँ सुलेमानी पत्थर से कई प्रकार की वस्तुएँ बनती हैं।