ववेरिया (Bavaria) स्थिति : ४९रू५फ़ उ.अ. तथा ११रू३०फ़ पू.दे.। यह जर्मन (पश्चिमी) फेडरैल रिपब्लिक का एक राज्य (lander) है जो उत्तर-पूर्व में चेकोस्लोवाकिया, दक्षिण-पूर्व तथा दक्षिण में ऑस्ट्रिया, पश्चिम में वूरटेमवेर्ख और वादेन उत्तर-पश्चिम में हेजी तथा उत्तर में थुरिंजिया एवं सैक्सोनी से घिरा है। इसका क्षेत्रफल २७,११९ वर्ग मील तथा जनसंख्या ९५,९२,१०० (१९६१) है। इसमें सात जिले शामिल हैं। मेल तथा डैन्यूब यहाँ की प्रमुख नदियाँ हैं। दोनों नदियाँ लुडविग नहर द्वारा आपस में मिली हैं। यहाँ की त्शूखस्पित्से (Zugspitze) ९,७२१ फुट ऊँची चोटी है, जो यहाँ की सर्वोच्च चोटी है। चेकोस्लोवाकिया की सीमा की ओर प्रसिद्ध बोहेमियन जंगल मिलते हैं। उद्योग की अपेक्षा कृषि अधिक उन्नतिशील है। खाद्यान्न, आलू, फल तथा हॉप (hop) एक प्रकार की लता प्रमुख उपजें हैं। पर्वतीय भाग में पशुपालन होता है तथा वनों में भी काफी जनसंख्या व्यस्त है। खनिजों में लिगनाइट, ग्रेफाइट, नमक तथा कच्चा लोहा मिलता है। कुछ मात्रा में चीनी मिट्टी, चिकनी मिट्टी, पारा, ताँबा, मैंगनीज, संगमरमर, कोबाल्ट एवं जिप्सम के भंडार भी हैं। यहाँ के प्रमुख उद्योग लोह इस्पात, सूती कपड़ा, चश्में, वैज्ञानिक उपकरण, खिलौने, काँच के समान, रसायनक, सिगार, कागज तथा फर्नीचर से संबंधित हैं। यूरोप का सबसे बड़ा बालबेयरिंग का कारखाना यहीं पर है। रेलों का अच्छा प्रबंध है। यहाँ के कई नगरों में अनेक विश्वविद्यालय हैं। (उमेश् कुमार सिंह)