बलूचिस्तान स्थिति : २७रू३० उ.अ. तथा ६५रू पू.दे.। यह पश्चिमी पाकिस्तान का एक भाग है जिसकी सीमाएँ ईरान तथा अफगानिस्तान से मिलती हैं। इसका क्षेत्रफल १,३४,००२ वर्ग मील तथा जनसंख्या ११,५४,१६७ (१९५१) है। इसमें कलात, लास बेला, खरान और मकरान राज्य शामिल हैं। क्वेटा यहाँ की राजधानी है। यह भाग प्राय: शुष्क और पहाड़ी है। उत्तरी भाग में सुलैमान पर्वतश्रेणी १२,००० फुट तक ऊँची है जो उत्तर से दक्षिण को चली गई है। बोलन दर्रा क्वेटा के लिए तथा मूला दर्रा कलात के लिए दरवाजे का काम करता है। यहाँ सैकड़ों मील लंबा रेगिस्तान फैला है। गरमी में तट के पास मरुस्थल का ताप बहुत अधिक रहता है। ऊँट, भेड़, बकरियाँ पाली जाती हैं। जहाँ पानी मिल जाता है वहाँ धान, छुहारा, अंगूर, नाशपाती तथा आडू आदि उगाया जाता है। ऊँचे भागों में गेहूँ, जौ, मक्का और घास उगती है। पठारी भाग में कोयला, क्रोमाइट तथा जिप्सम खनिज मिलते हैं। यहाँ की बलूची जाति के नाम पर ही इसका नाम पड़ा है। (शिवमंगल सिंह)