बलिया १. जिला, स्थिति : २५° ४६¢ उ.अ. तथा ८४° १२¢ पू.दे.। यह भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के सुदूर पूर्व में स्थित जिला है। इसका संपूर्ण क्षेत्रफल १,१८३ वर्ग मील है। यहाँ पर गंगा, छोटी सरयू एवं घाघरा नदियाँ बहती हैं। जलवायु उत्तम है एवं गरमियाँ गरम तथा सर्दियाँ ठंडी हुआ करती हैं। वर्षा का औसत ४० से ५० इंच तक रहता है। वसंत तथा पतझड़ का मौसम गरम तथा नम रहता है। यह कृषिप्रधान क्षेत्र है। धान, जौ, चना एवं गेहूँ मुख्य रूप से उगाए जाते हैं। कुछ मात्रा में ईख, सरसों राई, मक्का एवं शाक भाजी की कृषि भी की जाती है। इस जिले की जनसंख्या १३,३५,८६३ (१९६१) है।

२. नगर, स्थिति : २५° ४४¢ उ.अ. तथा ८४° १०¢ पू.दे.। यह बलिया जिले के दक्षिण में गंगा के उत्तरी किनारे पर, जहाँ घाघरा नदी आकर गंगा से मिलती है, उसके ठीक १४ मील पश्चिम की ओर स्थित नगर है। यह जिले का मुख्य नगर एवं शासन संबंधी कार्यों का केंद्र है। यहाँ बाजार की सुविधा भी है। चीनी बनाने एवं स्थानीय कृषियंत्रों से संबधित उद्योग होते हैं। कुक्कुट पालन भी होता है। इस नगर की जनसंख्या ३८,२१६ (१९६१) है। यहाँ से घी एवं तिलहन बाहर भेजा जाता तथा बाहर से चावल, धातुएँ, नमक आदि मँगाए जाते हैं।