बलरामपुर स्थिति : २७° २६¢ उ.अ. तथा ८२° ११¢ पू.दे.। भारत में उत्तर प्रदेश राज्य के गांडा जिले में, राप्ती नदी के दो मील दक्षिण स्थित एक नगर है। यह पुरानी बलरामपुर रियासत की राजधानी भी रह चुका है। प्रधान बस्ती के दक्षिण में सुवावान नदी बहती है। नगर का नाम यहाँ के एक पुराने ताल्लुकेदार राजा बलरामदास के नाम पर है। नगर अधिक पुराना नहीं है। महाराजा दिग्विजय सिंह के समय में इसने काफी उन्नति की। रेलवे स्टेशन से महाविद्यालय तक सड़क के किनारे की इमारतें नियोजित ढंग से बनी हैं। राजा साहब का पुराना महल (सिटी पैलेस), महाविद्यालय तथा उसमें स्थापित महाराजा दिग्विजय सिंह एवं पाटेश्वरीप्रसाद की मूर्तियाँ, नीलबाग महल, राज अतिथिगृह आदि दर्शनीय हैं। अस्पताल तथा उपजिलाधीश आदि के कार्यालय हैं। यह औद्योगिक तथा व्यापारिक नगर है, जहाँ गल्ले की मंडी, बिजलीघर और चीनी का कारखाना है। इसकी जनसंख्या ३१,७७६ (१९६१) हैं। (सु.चं.श.)