बर्मिंघैम (Birmingham) स्थिति : ५२° ३०¢ उ.अ. तथा १° ५५¢ प.दे.। यह इंग्लैंड के वारविकशिर में उत्तर-पश्चिम में, लंदन से रेल द्वारा ११३ मील दूर उत्तर-पश्चिम, स्थित काउंटी, बरो तथा इंग्लैंड के मुख्य औद्योगिक नगरों में से एक है। इस काउंटी का क्षेत्रफल ७९.९ वर्ग मील है तथा जनसंख्या ११,०५,६५१ (१९६१) है। १८वीं शताब्दी में यह नगर पूर्णत: औद्योगिक नगर में परिवर्तित हो गया। इस नगर के निकटवर्ती भाग में कोयले तथा लोहे की खानों भंडार है जिससे इसको औद्योगिक नगर बनने में सुविधा मिली है। यह नगर मोटर साइकिल, बिजली के सामान, ताँबे और ऐलुमिनियम के पाईप, चॉकलेट, रसायन, काच तथा प्लास्टिक के सामान, पिन, स्क्रू तथा रबर के समान बनाने का मुख्य केंद्र हैं। (दी.ना.ब.)
२. स्थिति : ३३° ४०¢ उ.अ. तथा ८६° ५०¢ प.दे.। संयुक्त राज्य, अमरीका के ऐलबैमा राज्य का सबसे बड़ा नगर है। यह जेफरसन काउंटी की काउंटी सीट भी है। इसकी जनसंख्या ३,४०,८८७ (१९६०) है। यह एक प्रमुख औद्योगिकश् नगर है। यहाँ खनिजों से संबंधित उद्योग अधिक होते हैं। इस्पात उद्योग अधिक उन्नत है। रेल की पटरियाँ, तार, कारें, स्टोव, कोयले की खानों में प्रयुक्त मशीनें, ईटं, सीमेंट, लकड़ी तथा सूती सामान, रबर के टायर, रसायन आदि के उद्योग भी होते हैं।