बर्द्धमान १. जिला, स्थिति : २२° ५६¢ से २३° ५३¢ उ.अ. तथा ८६रू४८फ़ से ८८रू२५फ़ पू.दे.। यह भारत के पश्चिमी बंगाल राज्य में स्थित एक जिला एवं उपमंडल हैं। इसका क्षेत्रफल २,७१६ वर्ग मील तथा जनसंख्या ३०,८२,८४६ (१९६१) है। इसके पूर्व में नदिया, दक्षिण में हुगली, पश्चिम में बाँकुड़ा, और उत्तर में बीरभूम जिले स्थित हैं। जिले का लगभग आधा भाग मैदान रूप में है। भागीरथी नदी के पूर्वी भाग की मिट्टी दलदली है। रानीगंज की कोयले की खानें इसी जिले में स्थित हैं। कोयलेवाला क्षेत्र बंगाल का प्रसिद्ध औद्योगिक क्षेत्र है। यहाँ की मुख्य नदियाँ दामोदर, द्वारकेश्वर, खरी, अजय आदि हैं, जो भागीरथी नदी में मिलती हैं। वार्षिक वर्षा का औसत ५४ इंच है। दामोदर नदी की बाढ़ से कई बार यहाँ जन, धन की क्षति हो चुकी है। मिट्टी अति उपजाऊ होने से मुख्य फसल धान के अतिरिक्त मक्का, आलू, गन्ना, तिलहन, दलहन आदि भी पैदा होते हैं। सिंचाई का उत्तम प्रबंध है। खनिजों में चीनी मिट्टी और कोयला प्रमुख हैं तथा रानीगंज के उत्तर में बारुल के पास लोहा बहुत बड़ी मात्रा में निकाला जाता है। इस जिले में रेशमी कपड़ा तथा खनिजों से संबंधित विस्तृत उद्योग हैं। इस जिले के मुख्य नगर बर्द्धमान, रानीगंज, आसनसोल, कालना एवं काटवा आदि हैं।
२. नगर, स्थिति : २३रू१४फ़ उ.अ. तथा ८७रू५१फ़ पू.दे.। उपर्युक्त जिले में बाँका नदी के किनारे स्थित एक नगर है। यहाँ की जनसंख्या १,०८,२२४ (१९६१) है। यहाँ की जलवायु स्वास्थ्यकर नहीं है। यह जिले का केंद्र है। छुरी, काँटे बनाने तथा तेल पेरने के कारखाने हैं। इतिहास में इसका स्थान प्रमुख रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में इस नगर में काफी प्रगति की है।