बड़ौदा या बड़ोदरा १. जिला, यह भारत के गुजरात राज्य का जिला है, जिसका क्षेत्रफल २,९६१ वर्ग मील तथा जनसंख्या १५,२७,३२६ (१९६१) है। इसके उत्तर में पंचमहाल, दक्षिण तथा पश्चिम में भरुच, पूर्व में झावुआ, दक्षिण पूर्व में धुलिया एवं उत्तर पश्चिम में खेड़ा जिले स्थित हैं। भारत की स्वतंत्रता के पूर्व यह एक देशी रियासत थी। मानसूनी, गरम एवं नम जलवायु के अंतर्गत होते हुए भी समुद्री प्रभाव के कारण यह सम दशा में रहता है। कृषि में ज्वार, बाजरा, कपास, तिलहन आदि उगाए जाते हैं। खनिजों में लोहा तथा मैंगनीज मिलते हैं।
२. नगर, स्थिति : २२� ०� उ. अ. तथा ७३� १६� पू. दे.। बड़ौदा जिले में बंबई से २४५ मील उत्तर, विश्वामित्री नदी पर एक औद्योगिक तथा व्यापारिक नगर है। अहमदाबाद यहाँ से ६२ मील दूर है। यह सूती वस्त्र, रसायनक और चीनी मिट्टी के बरतनों के अतिरिक्त दुग्ध उद्योग के लिए भी प्रसिद्ध है। यहाँ कपड़े की अनेक मिलें हैं। इसकी जनसंख्या २,९८,३९८ (१९६१) है। इसी नाम का एक नगर भारत में मध्यप्रदेश राज्य के मुरैना जिले में दक्षिण-पश्चिम कोने पर स्थित है। (रा.स.ख.)