फ्लॉरिडा स्थिति : २४ ३०' से ३१ ०' उ. अ. तथा ७९ ४८' से ८७ ३८' प. दे.। संयुक्त राज्य, अमरीका का एक प्रांत है। इसके उत्तर में जॉर्जिया, ऐलबैमा (Alabama), पूर्व में ऐटलैंटिक महासागर तथा पश्चिम में मेक्सिको की खाड़ी स्थित है। इसका क्षेत्रफल ५८,५६० वर्ग मील तथा जनसख्या ४९,५१,५६० (१९६०) है। मियामी यहाँ का सबसे बड़ा नगर (जनसंख्या २,९१,६८८) है। अंगूर, संतरे, तंबाकू, गन्ना तथा मक्का अधिक उत्पन्न की जाती है। मछली उद्योग में इसका विशेष स्थान है। यहाँ से प्राप्त होनेवाले खनिजों में फ़ॉस्फ़ेट प्रमुख है तथा चूना पत्थर, पेट्रोल, कियोलिन आदि खनिज भी मिलते हैं। उद्योगों में धातुकर्म, लकड़ी से संबंधित उद्योग रसायनक, लुगदी, भोजननिर्माण संबंधी उद्योग, काफी उन्नति कर गए हैं। शिक्षा के लिए यहाँ पर चार विश्वविद्यालय हैं। इस प्रांत को १५१३ ई. में पोंस द लेऑन नामक स्पेन निवासी ने खोजा था। इसकी राजधानी टैलाहैसी (Tallahassee) है। यह ६७ काउंटियों में विभक्त है। सुवॉनी (Suwannee) यहाँ की प्रमुख नदी है। राज्य की सबसे बड़ी झील ओकी चोबी है, जो ४० मील लंबी एवं ३० मील चौड़ी है। यहाँ का जलवायु समशीतोष्ण है तथा महत्तम औसत ताप २७ सें. एवं औसत वार्षिक वर्षा ५२.८ इंच रहती है। यहाँ अनेक नगर एवं दर्शनीय स्थल हैं।