फ्रैंकलिन, बेंजैमिन (Franklin, Benjamin; १७०६ ई. १७९० ई.) अमरीकी वैज्ञानिक एवं राजनीतिज्ञ थे। इनका जन्म १७ जनवरी, १७०६ को बोस्टन में हुआ। शिक्षा दीक्षा भी बोस्टन में हुई। फ्रैंकलिन ने मुद्रण उद्योग से कार्य आरंभ किया एवं धीरे धीरे प्रकाशक बन गए। सन् १७४६ में विद्युद्विज्ञान के प्रति रुचि जागृत हुई। मेघगर्जन एवं तड़ित् विद्युत् पर अनेक प्रयोग किए। मेघगर्जन के समय पतंग उड़ाने के इनके प्रयोग प्रसिद्ध हैं। पतंग के प्रयोगों पर इनके पड़ोसी इनका मजाक उड़ाया करते थे। इनकी पंतग पर एक नुकीला तार निकला रहता था। पंतग की डोर रेशम की थी। दूसरी ओर पृथ्वी पर एक ताली लटकी रहती थी। ताली की सहायता से इन्होंने लीडन जार को आवेशित किया। इस प्रकार इन्होंने तड़ित् विद्युत् की जानकारी प्राप्त की एवं तड़ित चालक का आविष्कार किया। तड़ित् चालक के प्रयोग से अनेक इमारतें तड़ित् विद्युत् प्रभाव से धराशायी होने से बच गईं। (अंगिका प्रसाद सक्सेना)