फ्रैंकफर्ट (Frannkfurt) १. नगर, स्थिति : ५० उ. अ. तथा १४ ३० पू. दे.। यह पश्चिमी जर्मनी के हेसी नैसॉ (Hesse Nassau) प्रांत में, माइन तथा राइन नदियों के संगमस्थल से २५ मील ऊपर, माइन नदी के उत्तरी, किनारे पर, कॉलोन से १०० मील दक्षिण पूर्व तथा स्टटगार्ट से ९० मील उत्तर, उपजाऊ, समतल तथा चौड़ी घाटी में स्थित, जर्मनी का व्यापारिक तथा औद्योगिक नगर है। यह गेटे नामक प्रसिद्ध कवि का जन्मस्थान है। उद्योगों में भारी एवं हलके यंत्र, वस्त्र निर्माण, विद्युत् यंत्र, रसायनक एवं दवाओं का निर्माण उल्लेखनीय है। इस प्राचीन नगर में गॉथिक शैली के भवनों में रोमर नामक नगरभवन, बार्थोलोम्यू कैथेड्रल, सेंट पाल गिरजाघर, गेटे भवन, संग्रहालय, पुस्तकालय तथा आधुनिक भवनों में फ्रैंकफर्ट हाफ होटल, प्रदर्शन मैदान, थोक बाजार हाल एवं ए. ई. जी. (A. E. G.) बिजली कंपनी का कार्यालय उल्लेखनीय हैं। द्वितीय विश्वयुद्ध काल में नगर का अधिकांश ध्वस्त हो गया था। आधुनिक ढंग पर नए नगर का पुनर्निर्माण किया गया है। यहाँ चिकित्सालय, वानस्पतिक संस्थान, कलासंस्थान, रसायन एवं शरीर-रचना-विज्ञान की प्रयोगशालाएँ, चित्र गैलरी एवं कई संग्रहालय तथा महाविद्यालय भी हैं। पोनगार्डेन में संसार के सभी भागों से लाकर फूल लगाए गए हैं। यहाँ का हवाई अड्डा संसार की वायुसेवाओं का बहुत ही महत्वपूर्ण केंद्र है। फ्रैंकफर्ट की जनसंख्या ६,८८,४८२ (१९६१) है।

२. नगर, स्थिति : ५२ २१ उ. अ. तथा १४ ३३' फ़ पू. दे.। पूर्वी जर्मनी में भी इस नाम का नगर है, जो ओडर नदी के बाएँ किनारे पर बर्लिन के ५० मील पूर्व-दक्षिण-पूर्व स्थित है। यहाँ रेलगाड़ी, चीनी, यंत्र, वस्त्र, जूता, साबुन, सिगार, साजसज्जा, रसायनक, कागज और धातु की चीजों का निर्माण होता है। साल में तीन अंतरराष्ट्रीय महत्व के मेले लगते हैं जिनसे अनाज, पशु और शराब के व्यापार को बहुत प्रोत्साहन मिलता है। राथौस गिरजाघर एवं विश्वविद्यालय प्रसिद्ध हैं। इसकी जनसंख्या ६,६१,०६२ (१९६२) है। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)