फ्रेडरिक विलियम (१६२०-१६८८) ब्रैडेनबर्ग का महान् इलेक्टर (Elector)। १६४० में गद्दी पर बैठा। पोलैंड और स्वीडन के युद्ध में उसने बारी बारी से दोनों का समर्थन किया और प्रशा को पोलैंड की अधीनता से मुक्त करा लिया। इस प्रकार उसने ब्रैडेनबर्ग प्रशा को जर्मनी का द्वितीय राज्य बना दिया। कुछ दिनों बाद उसे प्रशा के उन सामंतों का दमन करना पड़ा जो प्रशा को पुन: पोलैंड में मिलाने का षड्यंत्र कर रहे थे। फिर भी उसने उनका महत्व और प्राधान्य रहने दिया।
फ्रांस के शासक १४वें लूई से सशंक होकर १६७२ में उसने डच प्रजातंत्र से संधि कर ली। अगले वर्ष फ्रांस के साथ उसकी संधि हो गई जिससे फ्रांस ने वेस्टफेलिया खाली कर देना स्वीकार किया और फ्रेडरिक ने फ्रांस के विरोधियों की सहायता न करने का वचन दिया। सन् १६८५ में उसने हालैंड से पुन: मेल मिलाप बढ़ाना शुरू किया और फ्रांस से भागे हुए १४ हजार प्रोटेस्टैंटों को अपने यहाँ शरण दी। उसके बाद दोनों में फिर तनाव शुरू हो गया जिससे फ्रेडरिकश् ने आस्ट्रिया से मित्रता बढ़ा ली। उसने कृषि की उन्नति करने, नहर बनवाने तथा शिक्षा के प्रसार का विशेष प्रयत्न किया।