फ्रेडरिक द्वितीय (११९४-१२५०) : रोमन सम्राट्। फ्रेडरिक ने १२२० में रोम का शाही ताज धारण किया। १२२५ में उसने येरुसेलम के राजा की कन्या से विवाह किया। १२२८ में मिस्र के सुलतान से संधि करके येरुसेलम पर अधिकार कर लिया। यूरोप लौटकर उसने पोप से संधि कर ली और अपने पुत्र हेनरी के विद्रोह का दमन किया। १२३५ में फ्रेडरिक ने लंबार्डी के नगरों से युद्ध छेड़ दिया और अनेक नगर जीत लिए। उसने पोप इनोसेंट चतुर्थ से संधि की, किंतु इनोसेंट ने एक प्रतिद्वंदी धर्मसम्मत सम्राट् की घोषणा कर दी। इटली में युद्ध जारी रहा जिसमें फ्रेडरिक को पराजित होना पड़ा। फ्रेडरिक मध्ययुग का एक बुद्धिमान और कुशल शासक था लेकिन उसके इटली प्रेम और समूचे इटली को महान् साम्राज्य के रूप में देखने के आग्रह से जर्मन जनता को अनेक युद्धों का कष्ट झेलना पड़ा।