फ्रेंच गिआना स्थिति : ४ उ. अ. तथा ५३ प. दे.। यह दक्षिणी अमरीका के उत्तर-पूर्वी समुद्री तट पर स्थित फ्रांस के अधिकार में एक समुद्रपारीय क्षेत्र है। इसके पश्चिम में डच गिआना तथा पूर्व एवं दक्षिण में ब्राज़िल है। इसका क्षेत्रफल २३,००० वर्ग मील तथा जनसंख्या ३५,००० (१९६३) है। इसकी राजधानी काइएन (Cayenne जनसंख्या, १८५००) है। कृषि में धान, मक्का, मेनिआक, कोकोआ, केला, गन्ना तथा अनन्नास की पैदावार अधिक होती है। सोना खोदना तथा मत्स्य उद्योग प्रमुख उद्योग है। जंगलों से लकड़ी प्राप्त होती है। यहाँ की ८० प्रतिशत जनता रोमन कैथोलिक धर्म को मानती है (देखें, गिआना)। (राजेंद्र प्रसाद सिंह)