फैजाबाद १. जिला, स्थिति :२६� ९� से २६� ५०� उ.अ. तथा ८१� ४१� से ८३� ८� पू.दे.। यह पूर्वी उत्तर प्रदेश राज्य में स्थित जिला है। इसके उत्तर में गोंडा तथा बस्ती, पूर्व में आजमगढ़, दक्षिण में सुल्तानपुर एवं जौनपुर तथा पश्चिम में बाराबंकी जिले हैं। इसकी उत्तरी सीमा पर घाघरा नदी बहती है। इसका क्षेत्रफल १,७०५ वर्ग मील तथा जनसंख्या १६,३३,३५६ (१९६१) है। घाघरा नदी के अतिरिक्त मजहाई, तिर्वा, पिकिया, तोर्नी एवं छोटी सरयू नदियाँ बहती हैं। जलवायु उत्तम है तथा वर्षा ४१ इंच तक होती है। यह जिला, १. फैज़ाबाद, २. अकबरपुर, ३. बीकापुर, एवं ४. टाँड़ा नामक चार तहसीलों में बँटा है। फैज़ाबाद या अयोध्या नगर भारत का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। कृषि योग्य मिट्टी होने के कारण धान, गेहूँ, चना, मटर, मसूर, जौ, अरहर तथा कोदो प्रमुख उपज हैं।
२. नगर, स्थिति : २६रू४७फ़ उ.अ. तथा ८२रू१०फ़ पू.दे.। यह जिले का प्रमुख नगर है। फैज़ाबाद अयोध्या का ही एक भाग है जो वाराणसी से लगभग १२५ मील उत्तर-पश्चिम में घाघरा नदी के किनारे स्थित है। फैजाबाद की जनसंख्या अयोध्या सहित ८८,२९६ (१९६१) है। अयोध्या मंदिरों के लिए प्रसिद्ध है (देखें अयोध्या)। जब सआदत खाँ अवध का गवर्नर बना तो उसने अयोध्या से चार मील पश्चिम एक शिकारगाह की स्थापना की और बाद में इसे प्रांत का मुख्यालय बना दिया। अंत में सफदरजंग ने इसे फैजाबाद नाम दिया। सन् १७६४ में बक्सर के युद्ध में हारने पर तृतीय नवाब शुजाउद्दौला ने लखनऊ छोड़कर इसे ही अपना निवासस्थल बनाया था। यहाँ शुजाउद्दौला की पत्नी बहू बेगम का मकबरा, १७५ फुट लंबा तथा १४० फुट चौड़ा, फैज़ाबाद की सबसे सुंदर इमारत है। बहू बेगम के मकबरे से दूर शुजाउद्दौला का मकबरा है। इनके अतिरिक्त यहाँ इमामबाड़ा, पुस्तकालय, अस्पताल तथा कई मंदिर है।