फूक्येन (Fukien) स्थिति : २५रू५० उ.अ. तथा ११८रू पू.दे.। यह चीन का समुद्रपारीय प्रांत है, जिसके उत्तर में जजियांग (Checkiang) प्रांत, पूर्व में पूर्वी चीन सागर तथा फॉर्मोसा जलडमरूमध्य, दक्षिण में ग्वांदुंग (Kwangtung) तथा पश्चिम में जियांग्सी (Kiangsi) प्रांत स्थित हैं। इसका क्षेत्रफल ४५,८३३ वर्ग मील तथा जनसंख्या अनुमानित १,४६,५०,००० (सन् १९६३) है। इसके समुद्री तट के किनारे लगभग ६०० द्वीप हैं। यहाँ की सबसे लंबी नदी मिन है, जो ३६० मील लंबी है। वर्षा ७५ इंच होती, जो चीन में सर्वाधिक है। इस प्रांत में मछली मारने का उद्योग प्रमुख है। सागर के किनारे चाय अधिक उगती है। फलों में केला, लीची, नारंगी, टेंगराइंस (Tangerines), एवं अंगूर प्रमुख हैं। इनके अतिरिक्त धान, शहतूत, गन्ना, गेहूँ, जौ, तथा कुछ सब्जियाँ भी उगाई जाती हैं। खनिजों में कोयले, लोहे, ताँबे, मोलिब्डेनम, चीनी मिट्टी तथा चाँदी एवं सोने के भंडार भी मिलते हैं। फूचोऊ (Foochow) यहाँ की राजधानी है, जिसकी जनसंख्या ६,२०,००० (सन् १९६३) है।