फीजी स्थिति : १७रू२०फ़ द.अ. तथा १७९रू०फ़ पू.दे.। यह प्रशांत महासागर में ब्रिटिश उपनिवेश है, जो ३२२ द्वीपों के मिलने से बना है। इसका क्षेत्रफल ७,०८३ वर्ग मील और जनसंख्या ४,१३,८७२ (१९६१) है। सूवा (Suva) यहाँ की राजधानी है, जिसकी जनसंख्या ३७,३७१ (१९५६) है। वीटि लेवू यहाँ का सबसे प्रमुख द्वीप है, जो ९८ मील लंबा, एंव ६७ मील चौड़ा है। इसके अतिरिक्त वानूआ लेवू टावेऊनी, काडावू, कोरो, न्गाऊ, ओवालाऊ द्वीप तथा यसावा द्वीपसमूह प्रमुख हैं। बड़े बड़े द्वीप ज्वालामुखी से बने हैं और पहाड़ी हैं। एक चोटी ५,००० फुट तक ऊँची है। द्वीप की औसत ऊँचाई ४,००० फुट है तथा धरातल ऊबड़ खाबड़ है। यहाँ पर उष्ण प्रदेशीय वनस्पति पाई जाती है तथा दक्षिणी द्वीप घने जंगलों से ढँके हुए हैं। इन जंगलों में मूल्यवन् लकड़ी पाई जाती है। द्वीपों का भीतरी भाग उपजाऊ तथा जल से परिपूर्ण है। उत्तर पश्चिमी भाग सूखा एवं गरम तथा दक्षिणी और पूर्वी भाग आर्द्र रहता है। फीजी के आर्द्र क्षेत्रों में वार्षिक वर्षा का औसत १४४ इंच तक रहता हैं बड़ी नदियों में नावों के द्वारा आवागमन होता है। ईख, कपास, कहवा, रबर, नारियल तथा केला बहुतायत से उत्पन्न किया जाता है। यहाँ एक उत्तम बंदरगाह है। यहाँ पर भारतीयों की संख्या अधिक है, जो यहाँ श्रमिकों के रूप में आए थे। (सुरेंद्रप्रताप सिंह)