फिलाडेल्फिया स्थिति : ४०रू उ.अ. तथा ७५रू१० प.दे.। संयुक्त राज्य, अमरीका के पेंसिलबेनिया राज्य का सबसे बड़ा, आबादी में देश का तीसरा और औद्योगिक उत्पादन में चौथा नगर है। उपनिवेश काल में इस नगर की स्थापना चीज़पीक खाड़ी पर हुई थी। खाड़ी में ३० फुट डुबाव तक के जहाज आ सकते हैं और जहाज ऐपेलेचिऐन के दर्रों से होकर पश्चिमी प्रदेश को जा सकते हैं। फिलाडेल्फिया में वाणिज्य, यातायात तथा तटीय उद्योगों, जैसे ऊनी, सूती कपड़ा बुनना, मशीनें एवं मोटरें बनाना, प्रकाशन एवं मुद्रण, मिट्टी का तेल साफ करना, रासायनिक पदार्थ तथा शक्कर उद्योग इत्यादि की उन्नति हुई है। फिलाडेल्फिया स्वतंत्रता युद्ध का केंद्र रहा है। सन् १८८७ में देश का विधान भी यहीं बना था। यह नगर शिक्षा, साहित्य एवं कला का केंद्र रहा है, जिनसे संबंधित कई पुरानी संस्थाएँ भी यहाँ हैं। यहाँ लगभग २०० थियेटर एवं सिनेमा हाल हैं तथा गिरजाघर, अस्पताल, पुस्तकालय, क्लब आदि भी हैं। नगर की जनसंख्या २०,०२,५१२ (१९६०) है। (प्रमिला वर्मा)