फिरोजपुर १. जिला, स्थित : २९° ५५¢ से ३१° ९¢ उ. अ. तथा ७३° ५२¢ से ७५° २६¢ पू. दे.। यह पंजाब राज्य का एक जिला है। इसके उत्तर-पूर्व में अमृतसर, कपूरथला तथा जालंधर; पूर्व में लुधियाना, संगरूर, भटिंडा, हिसार, दक्षिण में गुजरात का गंगानगर जिला तथा पश्चिम में पश्चिमी पाकिस्तान स्थित है। इसका क्षेत्रफल ३,८८२ वर्ग मील तथा जनसंख्या १६,१९,११६ (१९६१) है। पूरी उत्तरी सीमा पर सतलुज नदी बहती है। यहाँ की जलवायु शेष पूर्वी पंजाब के समान ही है, किंतु यहाँ पर बालू के तूफान अधिक आते हैं। वार्षिक औसत वर्षा मुक्तसर में ११ इंच तथा ज़ीरा में २० इंच तक होती है। कृषि में गेहूँ, चना, जौ, ज्वार, बाजरा, मक्का, मोठ तथा कुछ मात्रा में कपास एवं गन्ना भी उगाया जाता है। मोटे कपड़े, कंबल आदि की बुनाई की जाती है। चटाइयाँ बनाने का काम भी होता है। खनिजों का यहाँ अभाव है। गेहूँश्श् तथा अन्य खाद्यान्न बाहर भेजे जाते हैं तथा शक्कर कपास, धातुएँ, तंबाकू, नमक, धान आदि मँगाए जाते हैं फ़िरोजपुर, जीरा, मुक्तसर तथा मोगा जिले के प्रमुख नगर हैं।
२. नगर, स्थिति : ३०° ५८¢ उ. अ. तथा ७४° ३७¢ पू. दे.। यह जिले का प्रमुख नगर है, जो सतलुज के किनारे स्थित है। किवदंती के अनुसार नगर की स्थापना फिरोजशाह तृतीय ने की थी। नगर की सड़कें चौड़ी तथा पक्की हैं। यहाँ पर ३६ सिखों की याद में बना एक सिख मंदिर है। इस समय यह प्रसिद्ध व्यापारिक केंद्र है। नगर में अनाज का व्यापार अधिक होता है। सैनिक छावनी के कारण इसकी ख्याति अधिक बढ़ गई है। यहाँ भारत का सबसे बड़ा शस्त्रागार एवं ब्रिगेड का मुख्यालय है। यहाँ की जनसंख्या ९७,९३२ (१९६१) है। (सुरोचंद्र शर्मा)